Haldwani: नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं ने हल्द्वानी स्थित कपिलाज रेस्टोरेंट में ‘आंचल’ ब्रांड के दुग्ध उत्पादों की बिक्री से जुड़े एजेंटों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की, जिसमें उत्पादों की गुणवत्ता, आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ता अपेक्षाओं को केंद्र में रखकर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में एजेंटों ने ग्राहकों से प्राप्त फीडबैक, वितरण में आने वाली समस्याएं और बाजार की प्रतिस्पर्धा संबंधी मुद्दे खुले तौर पर रखे। संघ प्रबंधन ने इन विषयों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि निकट भविष्य में उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ उपभोक्ता मांगों के अनुरूप नवाचार भी किए जाएंगे।
बैठक के दौरान एक नए उत्पाद ‘छेना रबड़ी’ का शुभारंभ भी किया गया। पारंपरिक मिठास और पौष्टिकता से भरपूर इस उत्पाद की कीमत 25 रुपये प्रति कप रखी गई है, जो मिठाई प्रेमियों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है।
संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि ‘आंचल’ ब्रांड के गुणवत्तायुक्त उत्पादों को प्रत्येक उपभोक्ता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एजेंटों को हरसंभव सहयोग व सशक्तिकरण दिया जाएगा और संघ नवाचार, गुणवत्ता और उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा।
इस बैठक में संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, हल्द्वानी प्रभारी हेमंत पाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही, मनीष जोशी, रघुवीर सिंह, सुमित जोशी, अतुल अग्रवाल, भुवन सागुड़ी समेत दर्जनों दुग्ध विक्रेताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
बैठक में लिए गए निर्णयों और नए उत्पाद लॉन्च से न केवल ‘आंचल’ उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है, बल्कि इससे ब्रांड की बाजार में विश्वसनीयता और लोकप्रियता को भी नया बल मिलेगा।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

