Haldwani: हल्द्वानी में सड़क हादसों के बाद ही प्रशासन के जागने का एक और गंभीर मामला सामने आया है। मुखानी रोड पर सड़क में गहरे गड्ढे के कारण 13 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत स्वयं टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण कार्य कर रही एजेंसी यूयूएसडीए के अधिकारी कमिश्नर के सवालों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। मौके पर न तो शाइनिंग बोर्ड लगे मिले और न ही निर्माण कार्य की प्रगति से संबंधित कोई सूचना बोर्ड मौजूद था। सुरक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक इंतजाम भी पूरी तरह नदारद पाए गए, जिससे राहगीरों की जान जोखिम में बनी हुई थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि हादसे के बाद रातों-रात सड़क के गड्ढों को भर दिया गया। इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कुमाऊं कमिश्नर ने संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। वहीं, पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुमाऊं कमिश्नर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा कार्यालयों में बैठकर नहीं, बल्कि सीधे निर्माण स्थलों पर की जाएगी, ताकि जमीनी हकीकत सामने आ सके और भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
