Dehradun: देहरादून में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना वीबी जी राम जी (विकसित भारत–जी राम जी) अधिनियम और अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सरकार का पक्ष स्पष्ट रूप से रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड एक अत्यंत हृदयविदारक घटना थी, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। सरकार ने घटना के तुरंत बाद सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। महिला आईपीएस अधिकारी की अध्यक्षता में गठित एसआईटी ने पारदर्शी और गहन जांच की, जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
सीएम धामी ने कहा कि हाल ही में सामने आए ऑडियो क्लिप की भी गंभीरता से जांच की जा रही है और इसके लिए अलग से एसआईटी गठित की गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी सवाल उठाया कि ऑडियो को लेकर जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, कहीं इसके पीछे कोई सुनियोजित षड्यंत्र तो नहीं है।
विरोध-प्रदर्शन और विभिन्न बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, जबकि सरकार का रुख पूरी तरह साफ है। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी सरकार किसी दबाव में आने वाली नहीं है।
प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने वीबी जी राम जी अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि यह केवल मनरेगा का नाम परिवर्तन नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा और दूरगामी कदम है। अधिनियम के तहत साप्ताहिक वेतन भुगतान, महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान, पारदर्शिता बढ़ाने और नई तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमालयी राज्यों के लिए इस योजना में 90 प्रतिशत धनराशि केंद्र सरकार और 10 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। इसके माध्यम से ग्रामीण विकास, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन और रोजगार सृजन को नई मजबूती मिलेगी। इस योजना के लिए कुल 1.51 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है, जो पूर्व की तुलना में कहीं अधिक है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक दिलीप रावत और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार भी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
