Haldwani: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने जघन्य हत्या के मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी और उसके पुत्र को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त दोनों असलहे भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
दिनांक 04 जनवरी 2026 की रात्रि को कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-55 मानपुर उत्तर में हुई हत्या की घटना के संबंध में वादी पीयूष लोहनी की तहरीर पर नामजद अभियुक्त अमित बिष्ट के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 07/2026 धारा 103(1), 352 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के मार्गदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक पद्धति से साक्ष्य संकलित किए। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मात्र 4 घंटे में मुख्य आरोपी अमित बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी दो नाली बंदूक बरामद की गई।
जांच के दौरान आरोपी के पुत्र जय बिष्ट की भूमिका सामने आने पर अभियोग में धारा 3(5) बीएनएस और धारा 27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई। इसके बाद दिनांक 05 जनवरी 2026 को जय बिष्ट को भी गिरफ्तार किया गया, जिसकी तलाशी में एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। बिना लाइसेंस हथियार रखने के आरोप में उसके विरुद्ध अलग से एफआईआर संख्या 08/2026 धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में हत्या का कारण पूर्व आपसी विवाद बताया गया है। दोनों अभियुक्तों को बरामद असलहों सहित दिनांक 06 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
