Headlines

Haldwani: वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के विरोध में बुद्ध पार्क में जोरदार प्रदर्शन, डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन

Haldwani: वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के विरोध में बुद्ध पार्क में जोरदार प्रदर्शन, डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन
शेयर करे-

Haldwani: वेनेजुएला पर कथित अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और वहां की लोकतांत्रिक सरकार के खिलाफ हस्तक्षेप के विरोध में मंगलवार को बुद्ध पार्क में विभिन्न जनसंगठनों ने संयुक्त रूप से विरोध सभा आयोजित की। सभा के पश्चात अमेरिकी साम्राज्यवाद और उसके मुखिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया।

प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र, परिवर्तनकामी छात्र संगठन, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने वेनेजुएला की संप्रभुता पर हमला कर वहां के राष्ट्रपति Nicolás Maduro और उनकी पत्नी को अगवा किया। वक्ताओं ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन और लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया।

सभा में कहा गया कि 3 जनवरी को अमेरिकी सेनाओं द्वारा किए गए हमले में बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिकों की जान गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र का दावा करने वाला अमेरिका वास्तव में संसाधनों पर कब्जे की नीति के तहत संप्रभु देशों को निशाना बनाता है। उनका कहना था कि वेनेजुएला के तेल और खनिज संपदा पर नियंत्रण पाने के लिए इस तरह की कार्रवाइयों को अंजाम दिया जा रहा है।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी जैसे आरोप महज बहाना हैं, जिनकी आड़ में पहले इराक और लीबिया जैसे देशों में भी सैन्य हस्तक्षेप कर संसाधनों की लूट की गई। अमेरिका को दुनिया में सबसे अधिक हिंसा और जनहानि के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए इन कार्रवाइयों की चौतरफा निंदा की गई।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वयं को शांति का दूत बताने वाला अमेरिकी साम्राज्यवाद यूक्रेन, फिलिस्तीन सहित कई क्षेत्रों में जारी संघर्षों के लिए भी जिम्मेदार है। तेल कंपनियों के राष्ट्रीयकरण के बाद से ही Venezuela अमेरिकी नीतियों की आंखों की किरकिरी बना हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने दो टूक मांग की कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को तत्काल रिहा किया जाए तथा अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी सरकार के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की रजनी, ऋचा, दीपा, मीना, तुलसी, नीता; प्रगतिशील भोजनमाता संगठन से शारदा, रजनी, विमला, आनंदी, पद्म, कविता, रीना; परिवर्तनकामी छात्र संगठन से महेश, चन्दन, अनिषेख, दीपांकज; क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन से मुकेश तथा मानव अधिकार रक्षा अभियान से यतीश पंत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *