Haldwani: करीब 2 करोड़ की लागत से बेस अस्पताल हल्द्वानी में तैयार किया गया नौ-बेड का अत्याधुनिक आईसीयू गुरुवार से संचालित हो गया है। नई सुविधा शुरू होने से कुमाऊं और सीमांत क्षेत्रों से आने वाले गंभीर मरीजों को अब प्राइवेट अस्पतालों या हायर सेंटर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल व विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से आईसीयू का उद्घाटन किया। डीएम ने बताया कि आईसीयू में एक्सपर्ट डॉक्टरों और अनुभवी नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की गई है। यह सुविधा 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में संचालित होगी।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि इस आईसीयू से खासकर गरीब और जरूरतमंद लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि आईसीयू में 4 एनेस्थेटिक डॉक्टर और 4 नर्सिंग स्टाफ तैनात किए गए हैं, जबकि 3 सर्जन और 3 फिजिशियन रोटेशन के आधार पर सेवाएं देंगे। उनके अनुसार, आईसीयू शुरू होने से गंभीर मरीजों को अब हल्द्वानी में ही उन्नत उपचार उपलब्ध होगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
