Headlines

Haldwani: काठगोदाम से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग फिर तेज, सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री से की मुलाकात

Haldwani: काठगोदाम से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग फिर तेज, सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री से की मुलाकात
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का प्रवेश द्वार है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, विद्यार्थी, व्यापारी और स्थानीय लोग यात्रा करते हैं।

सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में कहा कि वर्तमान में काठगोदाम और दिल्ली के बीच रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी समय-सारणी और गति यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। यदि सुबह काठगोदाम से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जाता है तो यात्री उसी दिन सुबह दिल्ली पहुंच सकेंगे और शाम को दिल्ली से वापस लौटकर रात तक काठगोदाम पहुंचने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। यह मांग क्षेत्र की जनता लंबे समय से लगातार उठाती रही है।

सांसद ने बताया कि इस संबंध में वह पहले भी दो बार रेल मंत्री को पत्र लिख चुके हैं और व्यक्तिगत रूप से भी इस विषय पर आग्रह कर चुके हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को देखते हुए काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *