Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल से नौकुचियाताल मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए शासन ने ₹2 करोड़ 45 लाख की स्वीकृति प्रदान कर दी है। शासनादेश जारी होने के साथ ही लोक निर्माण विभाग (PWD) को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बरसात समाप्त होते ही सड़क पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि लंबे समय से इस मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति के कारण स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और पर्यटकों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से बरसात के दौरान सड़क की हालत और अधिक खराब हो जाती थी। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों से सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद अब परियोजना को मंजूरी मिल गई है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मानसून समाप्त होते ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के विभिन्न क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर भी लगातार डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य कराया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा के अमजड़, सुवकोट पोखरी, करायल, क्वेदल, दिनी सहित कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।


Chief Editor, Aaj Khabar
