Haldwani: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष उत्तराखंड की जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय पार्टी के भीतर की नाराजगी, गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के असंतोष को संभालने पहुंचे हैं।
यशपाल आर्य ने कहा कि यदि भाजपा के प्रदेश संगठन और सरकार में सब कुछ ठीक है, तो राष्ट्रीय अध्यक्ष को बार-बार उत्तराखंड आकर नेताओं की नाराजगी और कार्यकर्ताओं के असंतोष को संभालने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से नेता आते हैं, बंद कमरों में बैठकें करते हैं और बाहर निकलकर ‘सब ठीक है’ का प्रमाणपत्र बांट देते हैं, जबकि जमीन पर संगठन और जनता दोनों परेशान हैं।
आर्य ने कहा कि नितिन नवीन को पहले कार्यकर्ताओं की नाराजगी, नेताओं की गुटबाजी और सरकार के खिलाफ जनता में बढ़ रहे असंतोष का जवाब देना चाहिए, उसके बाद ही प्रदेश की जनता को ज्ञान देने की कोशिश करनी चाहिए।
रामलीला मंच पर खड़गे की रैली से जुड़े कथित शुद्धिकरण विवाद पर भी नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की साझा संस्कृति, सामाजिक सम्मान और भाईचारे से जुड़ा सवाल है।
आर्य ने कहा कि राम के नाम पर राजनीति करने वालों को पहले भगवान राम के आदर्श समझने चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भगवान राम ने इंसान को उसकी पहचान के आधार पर छोटा-बड़ा नहीं माना, तो रामलीला के मंच पर किसी व्यक्ति के साथ ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर कथित भेदभाव की स्थिति क्यों बनी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ उसकी सामाजिक पहचान के आधार पर ऐसा व्यवहार हुआ है, तो यह केवल उस व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि उत्तराखंड की उस परंपरा का भी अपमान है, जिसमें हर वर्ग और समाज के सम्मान को स्थान मिला है।
यशपाल आर्य ने भाजपा से सवाल किया कि क्या यही ‘सबका साथ’ और सामाजिक समरसता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा रोजगार, आम आदमी महंगाई, पहाड़ पलायन, मरीज स्वास्थ्य सेवाओं और अभिभावक शिक्षा व्यवस्था को लेकर जवाब मांग रहे हैं, लेकिन भाजपा के नेता इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय बैठकों में व्यस्त हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार जनता की सरकार कम और अपनी पार्टी को बचाने-संभालने वाली सरकार ज्यादा दिखाई दे रही है। आर्य ने कहा कि भाजपा चाहे दिल्ली से कितने भी बड़े नेता बुला ले, उत्तराखंड की जनता के सवालों से भाग नहीं सकती।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष हल्द्वानी में संगठन का हिसाब लेने आए हैं, लेकिन अब उत्तराखंड की जनता भाजपा से पांच साल के काम का हिसाब मांगने के लिए तैयार है। उन्होंने रोजगार, महंगाई, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सम्मान से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।
आर्य ने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड की साझा संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और हर व्यक्ति के सम्मान के लिए मजबूती से खड़ी है और जनता के मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
