Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Rudrapur: रुद्रपुर में नितिन नवीन ने सिख समाज के योगदान और बलिदान को किया याद, कांग्रेस पर साधा तीखा निशाना

Rudrapur: रुद्रपुर में नितिन नवीन ने सिख समाज के योगदान और बलिदान को किया याद, कांग्रेस पर साधा तीखा निशाना
शेयर करे-

Rudrapur: उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मान कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में सिख समाज के हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान नितिन नवीन का तलवार और पुष्पगुच्छ भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष दिल्ली रवाना हो गए।

सिख समाज को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने देश के प्रति समाज के योगदान और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब और सिख समाज का भारतीय जनता पार्टी के दिल में हमेशा विशेष स्थान रहा है। सिख समाज का गौरव भारत से जुड़ा रहा है और जब भी देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की बात आई, समाज ने अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र की रक्षा की।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सिख समाज ने देश के लिए लगातार बलिदान दिया है और भाजपा स्वयं को इस गौरवशाली परंपरा से जुड़ा हुआ मानती है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में ऐसे कई दौर आए, जब सिख समाज को प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

नितिन नवीन ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को तत्कालीन सत्ता में बैठे लोगों का संरक्षण मिला। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद 1984 के दंगों से जुड़े मामलों में दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि सरकार ने पीड़ितों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का काम किया है।

वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका को लेकर कांग्रेस पर हमला

कार्यक्रम के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि BRICS सम्मेलन को लेकर पूरी दुनिया की निगाहें भारत पर हैं और देश लगातार अपनी क्षमता व सामर्थ्य को बढ़ा रहा है। उनके मुताबिक, दुनिया के कई देश भारत के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयान देश की उपलब्धियों को लेकर नकारात्मक रवैया दर्शाते हैं।

नितिन नवीन ने कहा कि जब भारत में G20 जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हुआ, तब भी कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित AI समिट का जिक्र करते हुए कहा कि भारत जब वैश्विक मंच पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है, तब भी विपक्षी नेताओं को इससे परेशानी होती है।

उन्होंने कहा कि BRICS सम्मेलन के माध्यम से भारत दुनिया के सामने अपनी नेतृत्व क्षमता और सामर्थ्य प्रदर्शित कर रहा है। विभिन्न देशों के शीर्ष नेतृत्व भारत पहुंचकर वैश्विक विकास और सहयोग को लेकर चर्चा कर रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस नेताओं की ओर से दिए जा रहे बयानों पर उन्होंने आपत्ति जताई।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं, विशेष रूप से राहुल गांधी, पर विदेशों में जाकर भारत की आलोचना करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी और भारत के विकास, उत्थान तथा सामर्थ्य को रोकने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी।

नितिन नवीन ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता की ताकत को समझना होगा। उन्होंने दावा किया कि जनता पहले भी अपने जनादेश के जरिए जवाब दे चुकी है और आने वाले समय में भी कांग्रेस को जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है और BRICS सम्मेलन की सफलता वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *