Haldwani: ऊंचापुल क्षेत्र में रिपोर्टिंग के दौरान जेजेएन न्यूज के रिपोर्टर दीपक अधिकारी पर कुछ अराजक तत्वों ने हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वर्तमान में उनका उपचार कृष्णा हॉस्पिटल हल्द्वानी में चल रहा है।
पत्रकार दीपक अधिकारी की तहरीर पर थाना मुखानी पुलिस ने अजीत चौहान और अनिल चौहान नामक दो आरोपियों के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की नीयत से हमला करने का मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, इन आरोपियों द्वारा 7 नवम्बर 2025 को भी एक अन्य पत्रकार के साथ मारपीट की घटना की जा चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने इस घटना को “अत्यंत निंदनीय और अक्षम्य” बताते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और तथ्य सामने आने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
