Haldwani: शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा ने सोमवार को प्रेस वार्ता के माध्यम से इस बड़ी कार्रवाई का खुलासा किया।
एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र व सीओ नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपी जीतपुर नेगी के जंगल में छिपे हैं। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अभियुक्तों—आशीष राम उर्फ कांचा, हिमांशु सम्मल और मोहम्मद हसन को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आशीष और हिमांशु ने मिलकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बेस अस्पताल हल्द्वानी की पार्किंग और नानक स्वीट्स के पास से तीन बाइकें चुराई थीं। इनमें से एक बाइक (UK04J8614 सुपर स्प्लेंडर) को उन्होंने मोहम्मद हसन को ₹4000 में बेच दिया था, जबकि दो अन्य बाइकें (UK04U4526 व UK04M8248) जंगल में छिपा दी गई थीं जिन्हें बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में अलग-अलग धाराओं के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं—एफआईआर संख्या 241/2025, 243/2025 व 244/2025, धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत। तीनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं और इनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
इस सफल अनावरण के लिए एसएसपी नैनीताल ने गिरफ्तारी टीम को ₹2500 का पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार, सिमरन, मनमोहन सिंह रौतेला, कांस्टेबल संतोष विष्ट, अनिल गिरी व दिनेश नगरकोटी शामिल थे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


