Nainital: त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विकास खण्ड बेतालघाट, धारी, ओखलकांडा एवं रामगढ़ में 24 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को मतदान व मतगणना कार्मिकों का रेंडमाइजेशन जिलाधिकारी सभागार कक्ष में सम्पन्न हुआ।
इस प्रक्रिया की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक विनीत तोमर (धारी, बेतालघाट, रामगढ़ क्षेत्र) और ब्रजमोहन सिंह रावत (ओखलकांडा क्षेत्र) की उपस्थिति में की।
तृतीय रेंडमाइजेशन के माध्यम से चारों विकासखंडों के कुल 312 मतदेय स्थलों के लिए रिजर्व सहित कुल 346 मतदान दलों का गठन किया गया। इसमें बेतालघाट हेतु 102, धारी हेतु 64, ओखलकांडा हेतु 101 और रामगढ़ हेतु 79 मतदान दल शामिल हैं। प्रत्येक दल में एक पीठासीन अधिकारी सहित कुल 5 कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। इस प्रकार कुल 1730 मतदान कार्मिक चुनाव ड्यूटी में लगाए गए हैं।
जिलाधिकारी वंदना ने बताया कि तृतीय रेंडमाइजेशन राज्य निर्वाचन आयोग के सॉफ्टवेयर के माध्यम से सम्पन्न हुआ। 24 जुलाई को मतदान के लिए ओखलकांडा की 33 और बेतालघाट की 3 मतदान पार्टियां 22 जुलाई को ही रवाना होंगी, जबकि शेष मतदान दल 23 जुलाई को संबंधित विकासखंड मुख्यालयों से रवाना किए जाएंगे।
इसी दिन मतगणना कार्मिकों का प्रथम रेंडमाइजेशन भी सम्पन्न हुआ। मतगणना कार्य हेतु जनपद में पूर्व में 574 मतगणना सुपरवाइजर और 1573 सहायक के डाटा की फीडिंग की गई थी, जिसमें से रिजर्व सहित 300 सुपरवाइजर और 1200 मतगणना सहायक, कुल 1500 कार्मिकों का चयन किया गया है। इन कार्मिकों को 26 व 29 जुलाई को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनामिका, मुख्य शिक्षा अधिकारी जीपी जायसवाल एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी भी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

