Headlines

Haldwani: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला का कांग्रेस पर तीखा हमला, सीएम धामी के पिता के श्राद्ध पर टिप्पणी से लेकर मोहम्मद दीपक मामले तक उठाए सवाल

Haldwani: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला का कांग्रेस पर तीखा हमला, सीएम धामी के पिता के श्राद्ध पर टिप्पणी से लेकर मोहम्मद दीपक मामले तक उठाए सवाल
शेयर करे-

Haldwani: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने रविवार को हल्द्वानी स्थित भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि विरोध की राजनीति में दिवंगत परिजनों, सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं को भी निशाना बनाया जा रहा है।

राजेश शुक्ला ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता के श्राद्ध संस्कार को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस की ओर से की गई टिप्पणी को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, अमर्यादित और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में श्राद्ध दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और तर्पण का पवित्र संस्कार है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन किसी व्यक्ति के दिवंगत माता-पिता और परिवार की धार्मिक आस्था को राजनीतिक विवाद में घसीटना भारतीय राजनीतिक एवं सामाजिक संस्कारों के विरुद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर पूर्व में की गई अभद्र टिप्पणियों के बाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता के श्राद्ध को निशाना बनाया जाना कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध में मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए और व्यक्तिगत परिवार तथा धार्मिक आस्था को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कोटद्वार के मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी के मामले को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध आरोपों के अनुसार एक व्यापारी के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के मामले में मोहम्मद दीपक के विरुद्ध कार्रवाई हुई है, लेकिन कांग्रेस इस पूरे प्रकरण पर चुप्पी साधे हुए है।

राजेश शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा मोहम्मद दीपक के साथ सार्वजनिक रूप से मुलाकात और नजदीकी प्रदर्शित किए जाने के बाद अब उसी व्यक्ति की गिरफ्तारी के मामले में कांग्रेस की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि क्या राजनीतिक नजदीकी के आधार पर कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को देखने का उसका अलग मापदंड है?

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के नेता मोहम्मद दीपक से मिलने और उनके समर्थन में सार्वजनिक रूप से सामने आने के लिए कोटद्वार तक पहुंच सकते हैं, तो जिस व्यापारी के साथ कथित मारपीट और धमकी का मामला सामने आया, उससे मिलने कांग्रेस का कोई नेता क्यों नहीं पहुंचा? क्या पीड़ित व्यापारी से मिलकर उसका पक्ष जानना कांग्रेस की जिम्मेदारी नहीं थी?

राजेश शुक्ला ने कांग्रेस से यह भी स्पष्ट करने को कहा कि उसके लिए ‘गुंडा’ और ‘गुंडागर्दी’ की परिभाषा क्या है। उन्होंने वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक नेता द्वारा देश के तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के लिए कथित रूप से ‘सड़क का गुंडा’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल का उल्लेख करते हुए कहा कि आज मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी के बावजूद कांग्रेस की चुप्पी उसके दोहरे मापदंड को उजागर करती है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के वीर सपूत और देश की सुरक्षा में दशकों तक महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणियों तथा मोहम्मद दीपक को राहुल गांधी द्वारा सार्वजनिक मंच पर स्थान दिए जाने से कांग्रेस की राजनीति पर गंभीर सवाल उठते हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने पूछा कि क्या कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय सम्मान, कानून-व्यवस्था और सामाजिक शांति से अधिक महत्वपूर्ण राजनीतिक हित हैं?

राजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति ‘सेवा, सुशासन और संस्कार’ के मूल भाव पर आधारित है। भाजपा राजनीतिक विरोध को व्यक्तिगत कटुता में बदलने के बजाय जनता के विकास, युवाओं के अवसर, मातृशक्ति के सशक्तीकरण और उत्तराखंड के हितों को प्राथमिकता देती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि राजनीतिक संघर्ष मुद्दों पर होना चाहिए, व्यक्तिगत हमलों पर नहीं और विचारों पर होना चाहिए, आस्थाओं पर नहीं। लोकतांत्रिक बहस तथ्यों और मर्यादा के साथ होनी चाहिए। यही स्वस्थ लोकतांत्रिक राजनीति और उत्तराखंड की सामाजिक परंपरा के अनुरूप है।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनोटी, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा, जिला सह मीडिया प्रभारी मनीष पाल तथा जिला आईटी संयोजक निश्चल जोशी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *