Haldwani: हल्द्वानी स्थित एक निजी गार्डन में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश प्रकोष्ठ द्वारा जिला नैनीताल के अंतर्गत प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों के नवनियुक्त संयोजकों और सह संयोजकों के सम्मान में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल मुख्य अतिथि रहे, जबकि भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने अध्यक्षता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ सह-संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों की कार्यशालाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं और अब संगठन शीघ्र ही नए दायित्व एवं कार्यक्रम सौंपकर प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देगा। उन्होंने बताया कि मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रकोष्ठों की भूमिका और अधिक प्रभावी हो सके।
मुख्य अतिथि तरुण बंसल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने जिले में चल रहे संगठनात्मक अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वहीं हल्द्वानी मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समर्पण और निष्ठा के साथ संगठन हित में कार्य करने का संदेश दिया।
समारोह में राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, रेनु अधिकारी, दिनेश आर्या, हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सांस्कृतिक, सहकारिता, खेलकूद, चिकित्सा, व्यापार, विधि, सैनिक और शिक्षा प्रकोष्ठ सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों का सम्मान किया गया।
बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, प्रकोष्ठों की भूमिका और वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Chief Editor, Aaj Khabar
