Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति शुरू, नितिन नवीन के मार्गदर्शन में संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

Haldwani: हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति शुरू, नितिन नवीन के मार्गदर्शन में संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बुधवार से शुरू हो गई है। प्रदेशभर से भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी कार्यसमिति में शामिल होने के लिए हल्द्वानी पहुंचे हैं। दोपहर बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी कार्यसमिति में शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

कार्यसमिति के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव, विकसित उत्तराखंड संकल्प प्रस्ताव और संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। बैठक को आगामी चुनावों की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

कार्यसमिति में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में संगठन को और मजबूत करने, बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ बढ़ाने और आगामी चुनावों की रणनीति पर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। मदन कौशिक ने दावा किया कि भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति को संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए कार्यकर्ताओं को नई दिशा मिलेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि कार्यसमिति में संगठनात्मक मजबूती के साथ भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर व्यापक मंथन किया जाएगा।

वहीं सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भी प्रदेश कार्यसमिति को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन को अहम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *