Headlines

Haldwani: ग्रामीण रोजगार–आजीविका पर भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला, VB-G RAM G के तहत 125 दिन काम की गारंटी पर जोर

Haldwani: ग्रामीण रोजगार–आजीविका पर भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला, VB-G RAM G के तहत 125 दिन काम की गारंटी पर जोर
शेयर करे-

Haldwani: भाजपा जिला नैनीताल द्वारा शुक्रवार को समरथ गार्डन, कमलुआगांजा में “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G)” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने की। कार्यशाला में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट चौहान मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।

मुख्य वक्ता रुचि भट्ट चौहान ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि हर नागरिक आत्मनिर्भर बन सके। उनके अनुसार विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब ग्रामीण समाज को रोजगार, आजीविका और स्वावलंबन के ठोस अवसर उपलब्ध होंगे।

नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने संसद में विधेयक पर चर्चा का उल्लेख करते हुए VB-G RAM G के प्रमुख बिंदुओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि नए विधेयक में श्रमिकों को 125 दिन काम की गारंटी का प्रावधान है, जबकि मनरेगा में 100 दिन का प्रावधान है। इससे श्रमिकों को अधिक रोजगार मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने भी कार्यशाला में विधेयक के सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सशक्त करना रहा।

कार्यक्रम का संचालन अभियान की जिला टोली संयोजक व जिला उपाध्यक्ष प्रताप बोहरा, जिला सह संयोजक एवं जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष गणेश साह तथा पूर्व जिला मंत्री कमल पाण्डे ने किया। इस अवसर पर नैनीताल विधायक सरिता आर्य, हल्द्वानी नगर निगम मेयर गजराज बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट सहित प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *