Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में भाजपा की जिला कार्यशाला, मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 23 जून तक चलेंगे विशेष जनसंपर्क और जनकल्याण कार्यक्रम

Haldwani: हल्द्वानी में भाजपा की जिला कार्यशाला, मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 23 जून तक चलेंगे विशेष जनसंपर्क और जनकल्याण कार्यक्रम
शेयर करे-

Haldwani: भारतीय जनता पार्टी कुमाऊँ संभाग कार्यालय हल्द्वानी में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता पुष्कर सिंह काला, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, लालकुआँ विधायक मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी तथा प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने दीप प्रज्ज्वलन और वंदेमातरम् के साथ किया।

कार्यशाला में जिले के सभी मंडलों से मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, दायित्वधारी, ब्लॉक प्रमुख तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देशवासियों में उत्साह और संकल्प का वातावरण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।

मुख्य वक्ता पुष्कर सिंह काला ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून से 23 जून तक विभिन्न जनसंपर्क, जनकल्याण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 से 11 जून तक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 8 से 14 जून के बीच मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और प्रदेश पदाधिकारी विशेष जनसंपर्क अभियान के माध्यम से जिले के लगभग 600 प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। 12 जून को जिला मुख्यालय में प्रभारी मंत्री और विधायक मीडिया से संवाद कर केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को साझा करेंगे। वहीं 12 से 14 जून तक मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा 13 से 20 जून के बीच विभिन्न विकासखंडों में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी तथा लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। 15 से 18 जून तक विधानसभा स्तर पर प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित होंगे, जबकि 16 से 20 जून के बीच प्राकृतिक और जैविक खेती पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तथा 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस के आयोजन बूथ स्तर तक किए जाएंगे। पुष्कर सिंह काला ने सभी पदाधिकारियों से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने और सरकार की योजनाओं को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला को प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, विधायक सरिता आर्या, विधायक मोहन सिंह बिष्ट और मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सुरेश भट्ट, दीपक मेहरा, दिनेश आर्या, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शांति मेहरा, जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, प्रदीप बिष्ट, रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, कंचन उप्रेती, किशोर जोशी, मधुकर श्रोत्रिय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *