Lalkuan: नैनीताल जनपद के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बेरीपड़ाव स्थित खुरपिया फार्म में बुधवार सुबह एक 50 वर्षीय महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला मंगलवार शाम से लापता थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान सुनीता पत्नी स्वर्गीय संतपाल निवासी गोलागेट, बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बेरीपड़ाव क्षेत्र में रह रही थी। परिवार में उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका है।
परिजनों के मुताबिक सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। देर रात तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह खुरपिया फार्म क्षेत्र में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में परिजनों ने शव की पहचान सुनीता के रूप में की। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी समेत पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी एकत्र की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस हत्या, आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
