Haldwani: शहर में महिलाओं के बीच दहशत फैलाने वाली मंगलसूत्र चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी क्षेत्र में रिक्शों में सफर कर रही महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी करने वाली शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया माल भी बरामद किया गया है।
मामले की शुरुआत 26 मार्च 2026 को हुई, जब कुसुमखेड़ा निवासी दीपा खडायत ने शिकायत दर्ज कराई कि 9 मार्च को कालाढूंगी टैम्पो स्टैंड से घर लौटते समय उनके गले से मंगलसूत्र चोरी हो गया। पीड़िता ने बताया कि ऑटो में एक संदिग्ध महिला छोटे बच्चे के साथ बैठी थी, जो बार-बार सटकर बैठ रही थी। घर पहुंचने पर मंगलसूत्र गायब मिला।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सटीक सुराग जुटाए। इसके बाद 27 अप्रैल 2026 को रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी के पास से आरोपी महिला मुस्कान (26) निवासी ब्रजधाम कॉलोनी, मथुरा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने पहले भी मुखानी क्षेत्र में इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ थाना मुखानी में भी पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पति अमित भी इन वारदातों में सहयोग करता था और उसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा है, जिसमें डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मंगलसूत्र (पीली धातु की चैन और पेंडल सहित, तथा काले-लाल मोतियों वाला मंगलसूत्र) बरामद किए हैं। दोनों मामलों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से शहर में महिलाओं को राहत मिली है, वहीं पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
