Headlines

Bhimtal: भीमताल के मोरा गांव में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, तीन हमलों के बाद मिली राहत लेकिन आदमखोर होने पर संशय बरकरार

Bhimtal: भीमताल के मोरा गांव में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, तीन हमलों के बाद मिली राहत लेकिन आदमखोर होने पर संशय बरकरार
शेयर करे-

Bhimtal: नैनीताल जिले के भीमताल और जौलीकोट क्षेत्र में पिछले कई दिनों से फैली गुलदार की दहशत के बीच वन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। भीमताल ब्लॉक के मोरा गांव में लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार कैद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस जरूर ली है, लेकिन अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि पकड़ा गया गुलदार ही आदमखोर है या नहीं।

बीते 15 दिनों में क्षेत्र में दो लोगों को गुलदार द्वारा शिकार बनाए जाने की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल बना दिया था। खासकर भदयूनी गांव में छह दिन पहले युवक कमल सिंह बिष्ट की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और डर दोनों बढ़ गए थे। इसके अलावा मोरा गांव से सटे सूर्याजाला और ज्योली क्षेत्र में भी दो महिलाओं को गुलदार ने अपना शिकार बनाया था।

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद वन विभाग पर दबाव बढ़ गया था। विभाग ने मोरा, भदयूनी समेत आसपास के कई गांवों में पिंजरे लगाए और गश्त तेज कर दी थी। इसी अभियान के तहत देर रात मोरा गांव के पास लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार फंस गया।

वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत ने बताया कि पिंजरे में कैद हुए गुलदार की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यही गुलदार आदमखोर है। विशेषज्ञ टीम उसके व्यवहार और अन्य पहलुओं का अध्ययन करेगी, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। ग्रामीणों को शाम के समय अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाने और बच्चों पर विशेष नजर रखने की सलाह दी गई है। विभाग की टीम लगातार इलाके में निगरानी कर रही है और अन्य संभावित गुलदारों को पकड़ने के प्रयास भी जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *