Rudrapur: रुद्रपुर के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भूरारानी इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 24 वर्षीय युवक अपने किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, युवक अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उसका एक साल का मासूम बच्चा भी है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन युवक अचानक घर के दूसरे कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसकी पत्नी को चिंता हुई। जब पत्नी ने दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने दूसरे कमरे से झांककर देखा तो युवक फंदे से लटका हुआ नजर आया। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी शोर सुनकर मौके पर पहुंच गए। परिजन तत्काल युवक को नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक जीवन सिंह अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
इस दुखद घटना के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं और परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
