Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: अमृतपुर बायपास निर्माण को मिलेगी गति, पर्यटन सीजन में जाम से राहत दिलाने के लिए सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

Haldwani: अमृतपुर बायपास निर्माण को मिलेगी गति, पर्यटन सीजन में जाम से राहत दिलाने के लिए सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को निर्माणाधीन काठगोदाम-अमृतपुर बायपास का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान लगने वाले जाम से आमजन, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को राहत दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। बायपास निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है और कार्य में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बायपास निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमित निगरानी पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, रोड कटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बाबा नीम करौली धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा तथा बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। पर्यटन की दृष्टि से यह प्रदेश के लिए सकारात्मक है, लेकिन वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात व्यवस्था पर दबाव भी बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने और यातायात व्यवस्था को सुगम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि अमृतपुर बायपास का निर्माण पूरा होने से पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान होने वाली जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, बेहतर यातायात प्रबंधन और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री को बायपास निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने जानकारी दी कि परियोजना के प्रथम चरण के लिए 175.4 लाख रुपये और द्वितीय चरण के लिए 469.59 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रथम और द्वितीय चरण में निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति क्रमशः 15 प्रतिशत और 14 प्रतिशत बताई गई।

अधिकारियों के अनुसार, काठगोदाम-अमृतपुर बायपास निर्माण के अंतर्गत दो किलोमीटर तक सिंगल लेन सड़क के लिए पहाड़ की कटिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त बायपास परियोजना के तहत 75 मीटर स्पान वाले स्टील पुल का निर्माण भी प्रगति पर है। पुल निर्माण के लिए 1,177.93 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस कार्य की भौतिक प्रगति 10 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 7 प्रतिशत दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और गुणवत्ता तथा सुरक्षा से समझौता किए बिना परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *