Haldwani: राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में रविवार को दो दिवसीय वार्षिक समारोह ‘क्रिसेण्डो-2026’ का भव्य शुभारंभ आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को वार्षिकोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य के चिकित्सकों का दायित्व केवल मरीजों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना भी है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने में सहायक होती है।
कार्यक्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. अजय आर्य, डॉ. बसंत जोशी, डॉ. एचएस पांडे, डॉ. एके सिन्हा, डॉ. अजय विश्वकर्मा, डॉ. गौरव जिंदल, राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सामिस्तान अहमद सहित संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आयोजन सचिव डॉ. गणेश सिंह ने किया।
दो दिवसीय ‘क्रिसेण्डो-2026’ का आयोजन 25 और 26 अक्टूबर को किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar
