Haldwani: आयुक्त एवं मा. मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने गुरुवार को हल्द्वानी में जनसुनवाई का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे और प्राप्त शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की गई।
जनसुनवाई में गोविंदपुरा, हल्द्वानी निवासी तरनजीत कौर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में सुलभ खंडेलवाल से रौसिला हैडाखान में फ्लैट्स खरीदे थे। खरीद के समय एक अनुबंध किया गया था जिसमें फ्लैट्स के आंतरिक कार्यों की पूर्णता और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की शिफ्टिंग शामिल थी। वर्ष 2023 में रजिस्ट्री हो चुकी है और पूर्ण भुगतान भी कर दिया गया है।
विक्रेता सुलभ खंडेलवाल ने जनसुनवाई में कहा कि हाईटेंशन लाइन की शिफ्टिंग एक सप्ताह के भीतर पूरी कर दी जाएगी और इसका भुगतान वह स्वयं करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि फ्लैट्स के आंतरिक कार्य पूरे नहीं किए गए, तो अनुबंध के अनुसार परिसर में स्थित दुकान की रजिस्ट्री 15 दिनों के भीतर तरनजीत कौर के नाम की जाएगी। आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि तय समय सीमा में कार्य पूरा नहीं किया गया, तो विक्रेता के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
रामनगर, पीपलसाना निवासी विमल कुमार ने शिकायत की कि गुलजारपुर और लोअर कोसी बीट क्षेत्रों में कुछ लोग अवैध रूप से शीशम, सागौन जैसे कीमती पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। इस पर आयुक्त ने प्रभागीय वनाधिकारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
हल्द्वानी निवासी मदन गोपाल अग्रवाल ने जनसुनवाई में बताया कि नीलकंठ हॉस्पिटल, हरीपुर सूखा के पास स्थित उनके कमर्शियल फ्लैट के बगल में एक निर्माणाधीन प्लॉट की अधिकृत चौड़ाई 26 फीट है, जबकि वहां 36 फीट में अवैध निर्माण किया जा रहा है। इस पर आयुक्त ने संबंधित प्राधिकरण क्षेत्र के अभियंता को मौके पर जाकर जांच करने और नियमविरुद्ध निर्माण पाए जाने पर चालानी कार्रवाई के साथ वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई हो, ताकि जनमानस को शीघ्र न्याय मिल सके।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
