Haldwani: काठगोदाम स्थित कलसिया वैली ब्रिज की सुरक्षा और मरम्मत कार्य के चलते सड़क जाम की स्थिति को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने गुरुवार को ब्रिज का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 24 घंटे कार्य कर किसी भी हाल में रविवार 23 मार्च तक हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर आवागमन सुचारू किया जाए।
ब्रिज की मरम्मत और सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता एनएच अनिल कुमार ने जानकारी दी कि बैली ब्रिज के नट-बोल्ट और कई क्रैश बैरियर गायब होने के कारण ब्रिज असुरक्षित हो गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रविवार रात तक वैली ब्रिज को यातायात के लिए पूरी तरह सुचारू कर दिया जाएगा। इस पर आयुक्त दीपक रावत ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एनएच के अधिकारियों को सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने ब्रिज की सुरक्षा बढ़ाने के लिए वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी आदेश दिए।
बैली ब्रिज की नियमित जांच के निर्देश
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए बैली ब्रिज की नियमित जांच की जाए। उन्होंने कहा कि यह ब्रिज पहाड़ी क्षेत्रों के आवागमन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, और इसके बाधित होने से आम जनता को भारी असुविधा हो रही है। इसलिए, मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर हाल में रविवार तक पुल को सुचारू रूप से चालू किया जाना चाहिए।
नए पुल के निर्माण की योजना
आयुक्त दीपक रावत ने यह भी बताया कि काठगोदाम से नैनीताल तक सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत इस पुल का नवनिर्माण प्रस्तावित है। जब तक नया पुल तैयार नहीं हो जाता, तब तक यातायात को अस्थायी रूप से वैली ब्रिज के माध्यम से जारी रखा जाएगा।
वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि मरम्मत कार्य के कारण पुलिस ने काठगोदाम स्थित कलसिया पुल पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत हल्द्वानी-काठगोदाम से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले सभी वाहन निर्धारित रूट से गुजरेंगे, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर आने वाले वाहन रूसी बाईपास और कालाढूंगी मार्ग होते हुए आएंगे।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, सीओ सिटी लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल, अधिशासी अभियंता एनएच समेत कई विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
