Ramnagar: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अवैध तमंचा लहराते हुए तस्वीर पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा भी बरामद किया। रामनगर के ग्राम शिवपुर बैलजुड़ी पीरुमदारा निवासी देवेंद्र कटियार ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह तस्वीर डाली थी, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के संज्ञान में आते ही उन्होंने रामनगर कोतवाली पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाल अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों को ट्रैक करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में देवेंद्र ने फोटो वायरल करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बैलजुड़ी सरकारी स्कूल के पास आम और लीची के बगीचे में छिपाया गया अवैध तमंचा भी बरामद कर लिया। पुलिस जांच में पता चला कि देवेंद्र कटियार का अपने ही परिवार से जमीनी विवाद चल रहा है और पहले भी उसके खिलाफ जान से मारने की धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हो चुका है। आशंका जताई जा रही है कि उसने अपने विरोधियों को डराने के लिए यह तस्वीर पोस्ट की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। इस मामले के बाद पुलिस ने नागरिकों को चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर इस तरह की हरकतें करना कानूनी रूप से गंभीर अपराध है और इसके परिणामस्वरूप कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
