Haldwani: आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर विभिन्न मामलों को सुना और समाधान किया।
जनसुनवाई में ई-रिक्शा स्वामी ईश्वर प्रसाद निवासी तीनपानी, हल्द्वानी ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने 27 मई 2024 को यात्री एजेंसी, ट्रांसपोर्ट नगर हल्द्वानी से 1,87,000 रुपये में ई-रिक्शा खरीदा था, जिसमें एक वर्ष की वारंटी थी। एजेंसी द्वारा वादा किया गया था कि रिक्शा के आंतरिक पार्ट्स और टूट-फूट की मरम्मत की जाएगी। लेकिन छह महीने बाद जब उन्होंने अपना ई-रिक्शा एजेंसी में मरम्मत के लिए दिया, तो उसमें डुप्लीकेट पार्ट्स लगा दिए गए, जिससे वाहन बार-बार खराब होने लगा।
ईश्वर प्रसाद को बाद में बाजार से 10 हजार रुपये खर्च कर ई-रिक्शा की मरम्मत करानी पड़ी। उन्होंने आयुक्त के समक्ष मरम्मत के दौरान बदले गए पार्ट्स प्रस्तुत किए, जो कंपनी के मूल पार्ट्स नहीं थे। उन्होंने बताया कि वे मजदूर हैं और बैंक की किस्त भी चुकानी है, जिससे यह आर्थिक बोझ उनके लिए भारी पड़ रहा है।
आयुक्त दीपक रावत ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही एजेंसी स्वामी को 10 हजार रुपये लौटाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने आरटीओ संदीप सैनी को निर्देशित किया कि शहर की सभी ई-रिक्शा एजेंसियों की जांच की जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा, अमलतास सोसाइटी, हल्द्वानी के निवासियों ने अपनी कॉलोनी में एजीएम (वार्षिक आम बैठक) कराने में आ रही परेशानी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कॉलोनाइजर बैठक कराने का विरोध कर रहा है। इस पर आयुक्त ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति एजीएम में बाधा डालता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
