Champawat: उत्तराखंड पुलिस ने प्रदेश को नशा और ड्रग्स मुक्त बनाने के अभियान को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार देर रात चंपावत जिले के बनबसा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक नशा तस्कर के साथ मुठभेड़ की। इस दौरान तस्कर ने पुलिस पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। गोली लगने से घायल हुए तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना रात करीब डेढ़ बजे हुई जब एसओजी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह जगवाण की अगुवाई में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली तस्कर के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान मंगत सिंह उर्फ मंगी (निवासी नानकमत्ता, उधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 190 ग्राम स्मैक और एक तमंचा बरामद किया है। प्राथमिक इलाज के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और जल्द ही उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
उत्तराखंड पुलिस प्रदेश में नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। हाल के दिनों में पुलिस ने कई नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
