Haldwani: भारत और फ्रांस की संस्कृतियों के आदान-प्रदान को नई दिशा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को फ्रांस से 30 विद्यार्थियों का दल अपने दो शिक्षकों मैडम कैथरीन और मोनसियर रोमन के साथ हल्द्वानी स्थित इंस्पिरेशन स्कूल पहुँचा। स्कूल पहुँचने पर चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, प्रबंधक दीपक बल्यूटिया, प्रधानाचार्य अनुराग माथुर और उपप्रधानाचार्या ममता तनेजा ने तिलक और पुष्पगुच्छ के साथ सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत इंस्पिरेशन स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्कूल की रूपरेखा और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत के परिचय से हुई। फ्रांस के विद्यार्थियों ने भी अपने देश की विशेषताओं और अनुभवों को साझा किया। इस दौरान दोनों देशों के विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों से वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
फ्रांसीसी विद्यार्थियों को स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों से परिचित कराने के लिए उन्हें हल्द्वानी के बाजारों का भ्रमण भी कराया गया, जहाँ उन्होंने विशेष उत्साह दिखाया। दोनों देशों के विद्यार्थियों के बीच वॉलीबॉल, वास्केटबॉल, टेबल टेनिस और शतरंज की मित्रवत प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का आयोजन ‘ला फ्रेहिंदी’ संगठन (मुख्यालय: लियोन, फ्रांस) के तत्वाधान में किया गया, जिसमें संगठन की मिस तनुजा, मिस्टर हारून मेहता और मिस शिल्पा जैन भी उपस्थित रहीं। अंत में प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने स्मृति चिह्न भेंट कर सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजन भारत-फ्रांस के सांस्कृतिक और शैक्षिक संबंधों को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष नेगी, यशस्वी भण्डारी, हसन सुहैल और अभिनव जोशी ने किया तथा समन्वय मधुमिता दास ने किया।

Chief Editor, Aaj Khabar

