Haldwani: कैंप कार्यालय हल्द्वानी में शनिवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने जनता की विभिन्न समस्याओं को सुनते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, धनराशि वापसी, धोखाधड़ी और सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने जैसे मामले प्रमुख रूप से सामने आए।
जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता भव्ये भंडारी ने बताया कि केवीएम पब्लिक स्कूल के संचालन के लिए शमशाद हुसैन के साथ 30 वर्षों का भूमि लीज अनुबंध किया गया था, लेकिन भूमि स्वामी अभी भी अनुबंधित जमीन पर कब्जा बनाए हुए है। इस पर शमशाद हुसैन ने जानकारी दी कि उन्होंने स्कूल को 52 लाख रुपये वापस कर दिए हैं। मामले को सुनने के बाद दीपक रावत ने शिकायतकर्ता को आगे की कानूनी कार्रवाई करने की सलाह दी।
एक अन्य मामले में नई बस्ती वार्ड नंबर 26 निवासी जुबेदा ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके दिवंगत पति राशिद ने अब्दुल खालिक को 3.50 लाख रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि अब्दुल ने केवल 1.20 लाख रुपये लौटाए हैं और शेष धनराशि देने से बच रहा है। इस पर आयुक्त ने दोनों पक्षों को अगली जनसुनवाई में बुलाकर मामले का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
जनसुनवाई में एक प्रॉपर्टी विवाद का मामला भी सामने आया, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने ग्राफिक एरा के पास स्थित प्लॉट की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने नाम बताकर 9 लाख रुपये लेकर एग्रीमेंट कराया था। बाद में वास्तविक भू-स्वामी ने जमीन बेचने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार उसे केवल आधी धनराशि वापस मिली है। इस पर दीपक रावत ने शेष राशि जल्द वापस दिलाने का भरोसा दिलाया।
वहीं काठगोदाम निवासी एक महिला ने शिकायत की कि कोटाबाग निवासी अशोक कुमार द्वारा फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनकी अश्लील फोटो और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित व्यक्ति को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Chief Editor, Aaj Khabar
