Headlines

Almora: जलवायु परिवर्तन की चुनौती के बीच सीएम धामी का बड़ा ऐलान, अल्मोड़ा में खेत बचाओ अभियान से किसानों को दिया संरक्षण का मंत्र

Almora: जलवायु परिवर्तन की चुनौती के बीच सीएम धामी का बड़ा ऐलान, अल्मोड़ा में खेत बचाओ अभियान से किसानों को दिया संरक्षण का मंत्र
शेयर करे-

Almora: जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों के बीच कृषि और किसानों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से हवालबाग में राज्य स्तरीय “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि संरक्षण, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा किसानों को भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मडुआ, झंगोरा, चौलाई समेत पारंपरिक मोटे अनाजों के संरक्षण और उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अल्मोड़ा की धरती पर किसानों के बीच आकर उन्हें नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि “खेत बचाओ अभियान” अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जनआंदोलन बन चुका है। मुख्यमंत्री ने किसानों से कृषि भूमि, मिट्टी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की शक्ति और हिम्मत हैं। हमारी संस्कृति में मिट्टी मां के समान पूजनीय है, इसलिए उसकी उर्वरा शक्ति बनाए रखना और खेतों को रासायनिक पदार्थों से यथासंभव मुक्त रखना जरूरी है। उन्होंने भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित कृषि व्यवस्था छोड़ने पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने किसानों से नियमित मिट्टी परीक्षण कराने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुरूप खेती अपनाने का आग्रह किया। साथ ही बदलती जलवायु के अनुरूप फसल चयन पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक समृद्धि एक-दूसरे के पूरक हैं तथा इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए जल, जंगल, जमीन और प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों से प्रेरणा लेने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बागवानी, पॉलीहाउस, फलोत्पादन, कोल्ड स्टोरेज, मेगा फूड पार्क और सुगंधित फसलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही मोटे अनाजों के उत्पादन को भी विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को योजनाओं का लाभ सीधे डीबीटी के माध्यम से दिया जा रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के मामले में उत्तराखंड का देश में अग्रणी राज्यों में शामिल होना सरकार की नीतियों की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने किसानों से टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने और मिट्टी परीक्षण को नियमित प्रक्रिया बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद में तारबाड़ योजना के तहत लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लेते हुए कृषि संरक्षण, मिट्टी संवर्धन तथा जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *