Haldwani: हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मा॰ मुख्यमंत्री, दीपक रावत ने जनता की समस्याओं की सुनवाई की और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
कार्यक्रम में वीज़ा धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री के लिए ऑस्ट्रेलिया वीज़ा हेतु एजेंट को आठ लाख रुपये दिए थे। वीज़ा अस्वीकृत होने के बाद भी धनराशि वापस नहीं की गई। आयुक्त ने एजेंटों को कड़ी चेतावनी दी और आमजन को सतर्क रहने का निर्देश दिया।
खैरना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला घायल और उसका सात वर्षीय पुत्र मृत हुआ। आयुक्त ने दोषी को पीड़ित परिवार को मासिक पाँच हजार रुपये, इलाज और बीमा राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ऊधम सिंह नगर के सिरौली कलां गाँव में गिरवी भूमि की धोखाधड़ी का मामला भी त्वरित निस्तारण कर धनराशि वापस कराई गई। हल्द्वानी की लो॰नि॰वि॰ सड़क पर अतिक्रमण हटाने के भी आदेश दिए गए।
जनसुनवाई में पिथौरागढ़, चम्पावत और अल्मोड़ा के निवासियों ने कालोनाइजर से प्लॉट विकास न होने की शिकायत की। आयुक्त ने कालोनाइजर सतपाल यादव को आगामी जनसुनवाई में तलब किया।
इसके अतिरिक्त भूमि धोखाधड़ी, संपत्ति विवाद और पारिवारिक प्रकरणों की सुनवाई की गई। कुछ मामलों का त्वरित समाधान हुआ, जबकि शेष प्रकरणों के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य समस्याओं का शीघ्र और पारदर्शी समाधान है। उन्होंने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारियों को आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Chief Editor, Aaj Khabar
