Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में विकास का महाअभियान, मुख्यमंत्री धामी ने 132.55 करोड़ की 39 योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

Haldwani: हल्द्वानी में विकास का महाअभियान, मुख्यमंत्री धामी ने 132.55 करोड़ की 39 योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
शेयर करे-

Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 132 करोड़ 55 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 72 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा 60 करोड़ 17 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 16 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जनपद में विकास को नई गति मिलेगी। राज्य सरकार “विकसित उत्तराखंड” के संकल्प के साथ आधारभूत संरचना, पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ राज्य की संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए भी समान रूप से कार्य कर रही है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे निर्णय प्रदेश की दिशा और दशा बदलने वाले साबित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग क्षेत्र में महादेवपुरम एवं झलुवाझाला नलकूप, बेलपोखरा और बैलपड़ाव सिंचाई नलकूप, महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण तथा रामगढ़ पशु चिकित्सालय भवन सहित 23 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों की 14 पेयजल योजनाओं को भी जनता को समर्पित किया गया।

शिलान्यास की गई 16 योजनाओं में कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली मार्ग सुधारीकरण, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर सड़क मरम्मत, देवरामपुर-गौलागेट मार्ग, चांदनी चौक क्षेत्र में सड़क निर्माण तथा पनचक्की-चौफुला-कठघरिया नहर कवरिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने विशेष योजनांतर्गत सहायता (SPA) कार्यक्रम के तहत स्वीकृत “हल्द्वानी-काठगोदाम श्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना” (कुल लागत 154 करोड़ 43 लाख रुपये) का भूमि पूजन भी किया। इस योजना से क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *