Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक में दिव्यांगजनों के कल्याण को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनोें को चलाई जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ सुगमता एवं पारदर्शिता से मिले।
उन्होंने सचिव स्वास्थ्य को प्रदेशभर में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, जिनमें चिकित्सा सुविधाओं के साथ प्रमाण-पत्र, कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जाएं। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय सेवाओं में नियुक्तियों के दौरान आरक्षण प्रावधानों का सख्ती से पालन हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उनके कल्याण को शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखा जाएगा।
बैठक में विधायक भरत चौधरी, सविता कपूर, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, रंजीत सिन्हा, चन्द्रेश कुमार, वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, निदेशक समाज कल्याण प्रकाश चन्द्र सहित बोर्ड सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री धामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिव्यांगजन सशक्तिकरण पर ठोस निर्णय लिए गए। स्वास्थ्य शिविर, कृत्रिम अंग, पेंशन और आरक्षण लाभ को सुनिश्चित कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने पर सरकार ने जोर दिया।

Chief Editor, Aaj Khabar

