Haldwani: उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड, निर्माण खंड, हल्द्वानी के नवनिर्मित उप महाप्रबन्धक (तकनीकी) कार्यालय भवन का लोकार्पण शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’ ने भवन को संस्थान की कार्यकुशलता और उज्जवल भविष्य का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि अभियंताओं का दायित्व है कि परिषद द्वारा कराए जा रहे सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तकनीकी पक्ष का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, ध्रुव रौतेला, प्रबंध निदेशक हेमन्त कुमार वर्मा, महाप्रबन्धक निर्मला बिष्ट, जुगल मोहन सक्सेना, इंजीनियर विजय कुमार, उप महाप्रबन्धक केदार सिंह बृजवाल समेत कई अधिकारी, पंजीकृत ठेकेदार और कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। अध्यक्ष को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया गया। भवन को पूरी तरह सुसज्जित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बताया गया, जिसके माध्यम से हल्द्वानी, रामनगर, बाजपुर, सितारगंज, खटीमा और टनकपुर मंडियों से जुड़े निर्माण कार्यों का संचालन होगा।
उद्घाटन के पश्चात पूजन-अर्चन किया गया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को गरिमामय बना दिया। हर्षिका रेखाड़ी ‘योगिनी’ की नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया और सभागार तालियों से गूंज उठा।

Chief Editor, Aaj Khabar

