Haldwani: महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2025 एवं मतगणना के चलते शहर में विशेष यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की जाएगी। यह व्यवस्था 27 सितंबर 2024 को प्रातः 09:00 बजे से मतगणना समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
नगर में नैनीताल रोड सहित प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के माल वाहनों और अति आवश्यक सेवा वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। तिकोनिया और काठगोदाम की ओर जाने वाले वाहनों को भोटियापड़ाव चौकी और महारानी होटल तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली रोडवेज और निजी बसें तिकोनिया से नैनीताल बैंक तिराहा होते हुए बस स्टेशन तक पहुंचेंगी। शहर से पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाली बसें भोटियापड़ाव चौकी से डायवर्ट होकर महारानी होटल तिराहा से अपनी लाइन में लौटेंगी।
महिला डिग्री कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव के दौरान अटल रोड से कुल्यालपुरा चौराहा की ओर आने वाले वाहन नगर निगम रोड/नहर कवरिंग रोड होते हुए पनचक्की से अपने गंतव्य तक जाएंगे। दोनहरिया तिराहा, पानी की टंकी तिराहा और तिकोनिया चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा की ओर वाहन प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था के तहत चुनाव/मतगणना में ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और पत्रकार एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे। निजी वाहन ठंडी सड़क में और महिला डिग्री कॉलेज के बाईं ओर रोड किनारे पार्क किए जाएंगे।
जीरो जोन/बैरियर ड्यूटी के अंतर्गत डिग्री कॉलेज के सामने का मुख्य मार्ग, भोटियापड़ाव चौकी से महारानी होटल तिराहा तक तथा डिग्री कॉलेज तिराहा से कुल्यालपुरा चौराहा होते हुए सरस्वती रेस्टोरेंट से महारानी होटल तक सभी वाहनों के लिए प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल चुनाव से संबंधित अधिकारी और कर्मचारी इस क्षेत्र में आवागमन कर सकेंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar
