Headlines

Haldwani: जिलाधिकारी रयाल की अध्यक्षता में उद्योग मित्र बैठक, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

Haldwani: जिलाधिकारी रयाल की अध्यक्षता में उद्योग मित्र बैठक, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सर्किट हाउस काठगोदाम में उद्योग मित्र की बैठक लेकर अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में औद्योगिक आस्थान क्षेत्रों से जुड़ी सड़क, वैकल्पिक मार्ग, पेयजल, बिजली आपूर्ति, विद्युत सब स्टेशन निर्माण, जीएसटी रिफंड सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सकारात्मक एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में होने वाले सभी कार्य क्वालिटी इंडस्ट्री मानकों के अनुरूप हों और इसके लिए अधिकारी उद्यमियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करें।

उन्होंने जिन योजनाओं के लिए आगणन प्रस्ताव तैयार किए जाने हैं, उन्हें विभागीय समन्वय के साथ शीघ्र तैयार कर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 41 प्रकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिन्हें संस्तुति हेतु अनुमोदित किया गया।

बैठक में सूर्या गांव–सातताल मोटर मार्ग निर्माण के लिए 26.96 लाख रुपये के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। आगणन में आई आपत्तियों के कारण पुनः प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोनिवि नैनीताल को शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा कोटाबाग विकासखंड में 33 केवीए के नए विद्युत उपसंस्थान निर्माण हेतु चयनित भूमि पर अतिक्रमण की समस्या पर जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाकर चाहरदीवारी निर्माण के निर्देश दिए। उद्यमियों द्वारा स्मार्ट मीटर लगने से विद्युत बिलों में वृद्धि का मुद्दा उठाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को तकनीकी टीम के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में भीमताल आणु नाले के दिशा परिवर्तन से संबंधित विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्य के लंबित होने का विषय भी सामने आया। सिंचाई विभाग द्वारा बताया गया कि विद्युत विभाग को धनराशि आवंटित की जा चुकी है और शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

बैठक में हिमालयन चैंबर के अध्यक्ष आरसी बिलोला, सचिव मनोज ढांका, मलय तिवारी, दीपक कुमार अग्रवाल, महाप्रबंधक उद्योग पल्लवी गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान सहित विद्युत, सिंचाई, सड़क और जल संस्थान विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *