Headlines

Haldwani: जिलाधिकारी ने स्वच्छता, शीतकालीन व्यवस्था, अतिक्रमण और पर्यटन तैयारियों की समीक्षा

Haldwani: जिलाधिकारी ने स्वच्छता, शीतकालीन व्यवस्था, अतिक्रमण और पर्यटन तैयारियों की समीक्षा
शेयर करे-

Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को स्वच्छता अभियान, शीतकालीन तैयारियों, अवैध अतिक्रमण, खनन नियंत्रण और होम स्टे योजना पर अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। उन्होंने सभी नगर निकायों को स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग सुनिश्चित करने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर आयुक्त व अधिशासी अधिकारियों को प्रतिदिन सफाई व्यवस्था की समीक्षा करने, प्रत्येक वार्ड का स्वयं निरीक्षण करने और गंदगी पाए जाने पर संबंधित सफाई निरीक्षक व पर्यावरण मित्र से तुरंत जवाब-तलब कर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

शीतकालीन तैयारियों को लेकर उन्होंने रैन बसेरों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, ठंड से बचाव हेतु लकड़ी और असहाय व्यक्तियों के लिए कंबल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही रामनगर स्लॉटर हाउस के सुचारू संचालन और स्वच्छ भारत अभियान में बेहतर रैंकिंग हेतु विशेष प्रयासों पर जोर दिया।

नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, सड़क चौड़ीकरण कार्य को तेजी से निपटाने और विद्युत ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण और कठोर कार्रवाई करने को कहा गया।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी ने होम स्टे योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी होम स्टे स्थानीय संस्कृति और महिला समूहों के उत्पादों को प्रदर्शित करें। नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित कर उनके प्रचार-प्रसार और शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त, उप जिलाधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *