Headlines

Haldwani: निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने एसटीएच हल्द्वानी में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

Haldwani: निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने एसटीएच हल्द्वानी में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का शुक्रवार को चिकित्सा शिक्षा विभाग के निदेशक प्रो. डॉ. आशुतोष सयाना ने निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से उपचार एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान प्रो. डॉ. सयाना ने ओपीडी, विभिन्न वार्डों, मेडिसिन आईसीयू, कैथ लैब, सेंट्रल लैब सहित अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को मिल रहे उपचार, दवाओं, जांच सुविधाओं और चिकित्सकीय सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के उपचार और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

प्रो. डॉ. सयाना ने कहा कि डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय कुमाऊं क्षेत्र के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल है। यहां आने वाले मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के लिए अत्याधुनिक मशीनें एवं उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। यदि किसी विभाग में आवश्यक मशीन या उपकरण की कमी है तो उसे शीघ्र पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी तथा अन्य स्थानों पर रेफर किए जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर निदेशक ने कहा कि विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी सेवाओं को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में विभिन्न स्पेशलिटी एवं सुपर स्पेशलिटी विभागों में चिकित्सकों की कमी को काफी हद तक दूर कर लिया जाएगा, जिससे मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

इस दौरान प्रो. डॉ. सयाना ने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने टेलीमेडिसिन के माध्यम से राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ वर्चुअल बैठक भी की।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शहजाद अहमद, डॉ. पंकज वर्मा, डॉ. परमजीत सिंह, जी.बी. मौल टी. मैथ्यू, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट ईला चौधरी, डिप्टी नर्सिंग सुपरिटेंडेंट पंकज बोहरा, चन्द्रशेखर गुरुरानी, रवि पाल, ललित मोहन भट्ट सहित चिकित्सालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *