Haldwani: गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में प्रस्तावित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर हुए बहुचर्चित फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी आयोजक विकास ढाका को काठगोदाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपी के लेन-देन से जुड़े दो बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।
दिनांक 05 फरवरी 2026 को वादी श्री हेमन्त शर्मा निवासी झज्जर (हरियाणा) एवं वादी श्री नारायण पाल, पूर्व विधायक सितारगंज निवासी हल्द्वानी द्वारा थाना काठगोदाम में तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि गौलापार इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ईवीसीएल क्रिकेट लीग के आयोजक विकास ढाका ने लीग के नाम पर उनसे भारी धनराशि की धोखाधड़ी की है। इस संबंध में थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 13/2026 एवं 14/2026 अंतर्गत धारा 318(4) बीएनएस पंजीकृत की गई।
मामले का संज्ञान लेते हुए डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 06 फरवरी 2026 को मल्ला काठगोदाम से आरोपी विकास ढाका को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने टीम मालिकों को यह विश्वास दिलाया था कि लीग में हरभजन सिंह, इरफान पठान, प्रवीण कुमार, मनप्रीत गोनी सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय व रणजी खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। वादी हेमन्त शर्मा को ‘यूपी वॉरियर्स’ टीम की फ्रेंचाइजी 50 लाख रुपये बताकर डिस्काउंट के नाम पर 30 लाख में सौदा तय किया गया, जिसके एवज में उन्होंने कुल 23 लाख रुपये का भुगतान किया। वहीं, श्री नारायण पाल ने ‘उत्तराखंड सोल्जर्स’ टीम के लिए 9 लाख रुपये नकद एवं प्रचार-प्रसार पर खर्च किए।
टूर्नामेंट की घोषित तिथि 01 फरवरी 2026 बीत जाने के बावजूद आयोजन शुरू नहीं हुआ। पूछताछ पर आरोपी द्वारा टालमटोल किए जाने और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को आयोजन की कोई जानकारी न होने की पुष्टि के बाद ठगी का संदेह पुख्ता हुआ। यह भी सामने आया कि न तो किसी प्रकार का आधिकारिक लोगो, ड्रेस या अन्य तैयारियां की गई थीं। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
विकास ढाका पुत्र यशवीर सिंह ढाका, निवासी सेक्टर-ए 162, नोएडा (उत्तर प्रदेश), उम्र 35 वर्ष।
पुलिस टीम
उप निरीक्षक दिलीप सिंह
उप निरीक्षक नीतू
कांस्टेबल करतार सिंह

Chief Editor, Aaj Khabar
