Headlines

Uttarakhand: यमकेश्वर में इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, सीएम पुष्कर धामी और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया उद्घाटन

Uttarakhand: यमकेश्वर में इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, सीएम पुष्कर धामी और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया उद्घाटन
शेयर करे-

Uttarakhand: इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमकेश्वर पहुंचे। कार्यक्रम से पूर्व दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। शिक्षा केवल डिग्री या रोजगार का साधन नहीं, बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास का आधार है। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में उत्तराखंड सरकार द्वारा 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार शिक्षा के सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और नवाचार के माध्यम से समावेशी विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन क्षेत्र के शैक्षिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि योगी आदित्यनाथ ने यहीं से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और आज वे सशक्त नेतृत्वकर्ता के रूप में देश को दिशा दे रहे हैं। उनका जीवन सेवा, त्याग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि यह केवल आवश्यकताओं की पूर्ति का साधन है। विद्यालयों की भूमिका केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन की भी होनी चाहिए। उन्होंने गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पद्धति व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त आधारशिला रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इसमें व्यवहारिक और कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है तथा उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने शिक्षा में नवाचार को गांवों के समग्र विकास और पलायन पर नियंत्रण का प्रभावी माध्यम बताया।

इस अवसर पर सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नवनिर्मित भवन को जनता को समर्पित किए जाने पर शुभकामनाएं दीं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए प्रांतीयकरण की प्रक्रिया पर नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने विद्यालय के प्रांतीयकरण एवं विज्ञान विषय की कक्षाएं प्रारंभ कराने की मांग रखी।

कार्यक्रम के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों द्वारा विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 6 के नमन रावत, कक्षा 7 के हर्ष चौहान, कक्षा 8 की आरती चौहान, कक्षा 9 के सचिन बडोला, कक्षा 10 की कु. दीपाली, कक्षा 11 के अभिषेक बडोला तथा कक्षा 12 की कुं. पल्लवी शामिल रहीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *