Haldwani: आरटीओ कार्यालय में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने अचानक छापेमारी कर व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। डीएम की इस कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ कार्यालय में सक्रिय दलालों में भी हड़कंप मच गया, जिसके बाद कई दलाल परिसर से फरार हो गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आरटीओ कार्यालय के सभी अनुभागों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्मिक अनिवार्य रूप से नेम प्लेट और आई-कार्ड पहनें। साथ ही किसी भी कार्य को लंबित न रखने और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति लाइसेंस या वाहन पंजीकरण शीघ्र कराने के नाम पर हस्तक्षेप करता है तो उसे तत्काल कार्यालय परिसर से बाहर किया जाए और उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कार्यालय में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और रिकॉर्डिंग सिस्टम को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान आरटीओ हल्द्वानी गुरदेव सिंह सहित परिवहन विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
