Dehradun: कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एमकेपी चौक से आगे रेसकोर्स रोड पर स्कूटी सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर पत्रकार को रोका, गाली-गलौज की और मारपीट कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल पत्रकार को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट, निवासी शांति विहार हरिद्वार बाईपास रोड, ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे वह अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे, तभी रेसकोर्स रोड पर तीन अज्ञात स्कूटी सवार युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली और उनके साथ अभद्रता व मारपीट की। जाते-जाते आरोपी धमकी भी देकर फरार हो गए।
कोतवाली डालनवाला प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
