Headlines

Nainital: पारदर्शी नीति से खनन में ऐतिहासिक उछाल, गौला-नन्धौर-कोसी नदियों में टूटे पांच साल के रिकॉर्ड

Nainital: पारदर्शी नीति से खनन में ऐतिहासिक उछाल, गौला-नन्धौर-कोसी नदियों में टूटे पांच साल के रिकॉर्ड
शेयर करे-

Nainital: जनपद में खनन राजस्व, उप खनिज चुगान और नदी क्षेत्रों में खनन वाहनों की आवाजाही के मामले में इस वर्ष ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। जिले की गौला, नन्धौर और कोसी नदियों में बीते पांच वर्षों के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। जिला प्रशासन के ठोस प्रयासों और समयबद्ध नीतिगत व्यवस्था के चलते यह सफलता मिली है, जिसकी पुष्टि आधिकारिक आंकड़े करते हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं नीतिगत खनन चुगान प्रक्रिया को समय पर शुरू किया गया, जिसका सीधा लाभ राजस्व वृद्धि और रोजगार सृजन के रूप में सामने आया है।

गौला नदी में इस वर्ष रिकॉर्ड तोड़ उप खनिज निकासी दर्ज की गई है। अक्टूबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक 2 लाख 22 हजार 664 वाहन चक्करों के माध्यम से 2 करोड़ 13 लाख 99 हजार 739.38 टन उप खनिज की निकासी हुई। इससे पहले अक्टूबर 2024 से जनवरी 2025 के बीच 24 हजार 345 वाहन चक्करों से 23 लाख 57 हजार 708.76 टन उप खनिज निकाला गया था। इससे स्पष्ट है कि वर्तमान वर्ष में गौला नदी ने बीते कई वर्षों के सभी आंकड़े पीछे छोड़ दिए हैं।

नन्धौर नदी में भी इस वर्ष खनन चुगान ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जहां अक्टूबर 2024 से जनवरी 2025 तक नन्धौर नदी में कोई निकासी नहीं हो पाई थी, वहीं अक्टूबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक 26 हजार 824 वाहन चक्करों से 2 लाख 17 हजार 763.60 टन उप खनिज की रिकॉर्ड निकासी की गई। इससे सरकार को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े।

कोसी नदी में भी खनन चुगान के आंकड़ों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। अक्टूबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक 41 हजार 874 वाहन चक्करों से 5 लाख 1 हजार 997.05 टन उप खनिज की निकासी हुई, जो पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है।

जिला प्रशासन द्वारा खनन चुगान कार्य से जुड़े मजदूरों को सुरक्षात्मक उपकरण, कंबल उपलब्ध कराए गए तथा धूल नियंत्रण के लिए पानी छिड़काव जैसे सभी आवश्यक कार्य तय समय पर शुरू कराए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार की पारदर्शी खनन नीति और वार्षिक नीतिगत खनन व्यवस्था को समयबद्ध ढंग से लागू करने का ही परिणाम है कि इस वर्ष जिले में खनन क्षेत्र में सकारात्मक और रिकॉर्ड तोड़ परिणाम सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *