Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में करंट की चपेट में आने से पिता पुत्री की दर्दनाक मौत, एसी की लाइन ठीक करते समय हुआ दर्दनाक हादसा

Haldwani: हल्द्वानी में करंट की चपेट में आने से पिता पुत्री की दर्दनाक मौत, एसी की लाइन ठीक करते समय हुआ दर्दनाक हादसा
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी में बीती देर शाम करंट की चपेट में आने से पिता और उनकी 12 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब नदीम सलमानी अपनी छत पर एसी की आउटडोर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान घर से सटे विद्युत पोल से करंट उतरने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, नदीम सलमानी एसी की आउटडोर लाइन को ठीक करने के लिए छत पर गए थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। पिता को करंट लगा देखकर उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा भी उन्हें बचाने के लिए पहुंची, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार में पिता और बेटी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में मातम पसरा है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल से करंट उतरने की समस्या को लेकर पहले भी विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिली थी कि नदीम सलमानी और उनकी बेटी एसी का तार ठीक करने के लिए छत पर गए थे। करंट लगने के बाद दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, सपा प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, भाजपा नेता मजहर नईम नवाब, इसरार अहमद और समाजसेवी उवैस राजा समेत कई लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली।

फिलहाल विद्युत पोल से करंट उतरने और हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम तथा जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *