Headlines

Dehradun: देहरादून में स्वारना नदी का जलस्तर बढ़ने से जंगल में फंसे यूपीईएस के छह छात्र, एसडीआरएफ ने 6 किमी पैदल पहुंचकर किया सुरक्षित रेस्क्यू

Dehradun: देहरादून में स्वारना नदी का जलस्तर बढ़ने से जंगल में फंसे यूपीईएस के छह छात्र, एसडीआरएफ ने 6 किमी पैदल पहुंचकर किया सुरक्षित रेस्क्यू
शेयर करे-

Dehradun: पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच स्वारना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से ट्रैकिंग पर गए यूपीईएस के छह छात्रों की जान पर बन आई। थान गांव स्थित मिसरास पट्टी क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद सभी छात्र जंगल में फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ डाकपत्थर की टीम ने दुर्गम रास्तों और खराब मौसम के बीच करीब छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

17 अगस्त को यूपीईएस के छह छात्र स्वारना नदी क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए पहुंचे थे। ट्रैकिंग पूरी करने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा, जिससे छात्रों के लिए वापस लौटना मुश्किल हो गया और वे जंगल के बीच फंस गए।

छात्रों के फंसे होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ डाकपत्थर की रेस्क्यू टीम ने तत्काल अभियान शुरू किया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, खराब मौसम और बढ़े हुए नदी के जलस्तर के बीच जवानों ने सुरक्षित रास्ते से आगे बढ़ते हुए छात्रों तक पहुंच बनाई।

रेस्क्यू टीम को छात्रों तक पहुंचने के लिए करीब छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग करनी पड़ी। जवानों ने सावधानीपूर्वक सभी छह छात्रों को सुरक्षित अपने साथ लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाकर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

रेस्क्यू किए गए सभी छात्रों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। समय रहते एसडीआरएफ टीम के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बारिश के मौसम को देखते हुए पर्यटकों और छात्रों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने नदी और बरसाती नालों के आसपास जाने से बचने तथा ट्रैकिंग पर निकलने से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर देखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है और थोड़ी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *