Uttarakhand: हाट सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसे तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया।
एक श्रमिक के बाहर निकलने के बाद अब टनल में लापता एक श्रमिक की तलाश शेष है। रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर अभियान चलाते हुए टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन कर रही हैं।
रेस्क्यू अभियान को गति देने के लिए टनल में जमा कीचड़ और मलबे को लगातार हटाया जा रहा है। साथ ही पानी की निकासी का काम भी तेजी से किया जा रहा है। सक्शन पंपों और अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से पानी व स्लज हटाकर रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम बनाई जा रही है, ताकि संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिक की तलाश की जा सके।
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और रेस्क्यू में तेजी लाने के लिए आवश्यक संसाधन एवं उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
एकमात्र लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टनल के सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता के साथ श्रमिक तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
