॰ एक महिला का सुरक्षित रेस्क्यू
॰ 2 साल के बच्चे समेत तीन की तलाश में जुटी एसडीआरएफ
Uttarakhand: पौड़ी गढ़वाल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। महरगांव में बारिश के कारण एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय मकान में मौजूद परिवार के चार लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों की तत्परता से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन अन्य लोगों की तलाश जारी है। लापता लोगों में एक दो साल का बच्चा भी शामिल है।
घटना सुबह करीब 7:45 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायल महिला को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।
एसडीआरएफ, पटवारी और चौकी पुलिस की टीमें मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। खराब मौसम और लगातार बारिश के बीच रेस्क्यू अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उधर, पौड़ी में बारिश से बिगड़े हालात का जायजा लेने जिलाधिकारी मंगलवार को आपदा कंट्रोल रूम पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों, सड़क मार्गों और आवश्यक सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। बारिश के चलते कई मार्गों के प्रभावित होने पर जिलाधिकारी ने सभी बाधित सड़कों को तत्काल सुचारू करने के निर्देश दिए।
सतपुली गुमखाल मार्ग को जेसीबी की मदद से खोल दिया गया है। वहीं गुमखाल द्वारीखाल महरगांव मार्ग को सुचारू करने के लिए भी जेसीबी मौके पर भेजी गई है।
जिलाधिकारी ने विद्युत, पेयजल और सड़क जैसी आवश्यक सेवाओं की भी समीक्षा की। फीडर ब्रेकडाउन की स्थिति में विद्युत विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। नदी नालों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों से नदी नालों के किनारे न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
