Haldwani: हल्द्वानी में टीपीनगर चौकी क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर पानी की मोटर और बिजली का सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का गीजर, दो पानी की मोटर, बिजली की तारें और नल की टोंटियां बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की रात टीपीनगर चौकी क्षेत्र में विजय पाठक निवासी मल्ला गोरखपुर, हल्द्वानी के घर का ताला तोड़कर पानी की मोटर, बिजली के तार, स्टेपलाइजर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। मामले में 13 अगस्त को कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 74/26 दर्ज की गई थी। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई।
घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सुरागरसी-पतारसी और अन्य पुलिस कार्रवाई के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई करते हुए करन, रोहित और अमन को 13 अगस्त को गिरफ्तार किया गया, जबकि सुरेन्द्र कुमार को 14 अगस्त को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में करन पुत्र सेवा राम निवासी जवाहर नगर बनभूलपुरा, उम्र 21 वर्ष, रोहित पुत्र धर्मेन्द्र कुमार निवासी जवाहर नगर बनभूलपुरा, उम्र 18 वर्ष, अमन पुत्र श्याम सिंह निवासी जवाहर नगर बनभूलपुरा, उम्र 18 वर्ष और सुरेन्द्र कुमार पुत्र चरन सिंह निवासी भट्ट कॉलोनी फेस-2 लालडांठ, थाना मुखानी, उम्र 27 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक गीजर, दो पानी की मोटर, बिजली की तारें और नल की टोंटियां बरामद की हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल नीरज कुमार, कांस्टेबल युगल मिश्रा, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी और कांस्टेबल अनिल टम्टा शामिल रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
